एसडीएम को ज्ञापन देते जेई संगठन से जुड़े पदाधिकारी स्रोत संगठन
बस्ती। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन जिला इकाई ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार शुक्रवार को प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। वितरण ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्तता रोकने व अन्य ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। इससे पहले 12 मई को मुख्य अभियंता विद्युत वितरण जोन बस्ती को ज्ञापन प्रेषित किया जा चुका है।
क्षेत्रीय सचिव आशुतोष लहिड़ी ने बताया कि वर्तमान में अवर अभियंताओं पर ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्तता व कार्यों में शिथिलता का आरोप लगाकर दंड स्वरूप उनके वेतन से रिकवरी की जा रही है। संगठन की ओर से स्थानीय प्रबंधन को ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्तता को रोकने के लिए सामग्री की मांग लगातार की जा रही है। बिना संसाधन उपलब्ध कराए अवर अभियंता को दंडित किया जाना नियमों के विरुद्ध व अव्यवहारिक है। इसे लेकर अवर अभियंताओं में व्यापक आक्रोश है। कहा कि ट्रांसफार्मर पर बांधे जाने वाले फ्यूज वॉयर तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। ट्रांसफार्मर में काफी वर्षों से तेल न भरे जाने से भी ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
जनपद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, जनपद सचिव अवनीश गुप्ता, पंकज कुमार, अवधेश कुमार, मनोज कुमार, राजेश कन्नौजिया, धनंजय सिंह व अन्य अवर अभियंता मौजूद रहे।