लांचिंग एप्रन फिर से दुरुस्त कराने एई और एक्सईएन पहुंचे
शनिवार को निरीक्षण के दौरान पत्थर में फंसा था पैर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। विक्रमजोत विकास क्षेत्र के लोलपुर-विक्रमजोत तटबंध के निरीक्षण के दौरान जलशक्ति मंत्री का पैर पत्थर से टकराने के बाद अधिकारियों में खलबली है। सहयक अभियंता बंधे पर कैंप कर रहे हैं। अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि नवनिर्मित लोलपुर-विक्रमजोत तटबंध पर बारिश की वजह से समस्या आई थी। उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। घघौवा के पास बने लांचिंग अप्रन को फिर से दुरुस्त कराया जा रहा है।
बता दें कि शनिवार को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एलबी तटबंध पर बांध की मजबूती व कटान से बचाने के लिए बनाए गए लांचिंग अप्रन का हाल जानने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान मंत्री धारा के करीब जाने लगे तो बालू व मिट्टी पर बिछाए गए बोल्डर पर मंत्री का पैर पड़ा और बोल्टर अचानक धंस गया। इससे मंत्री का पैर फंस गया था।
आसपास के लोगों ने मंत्री को पकड़ बचा कर बाहर निकाल एक बड़ी दुर्घटना से बचा लिया। लोगों की माने तो लांचिंग अप्रन को मानक के अनुरूप न बनाकर जल्दबाजी में मिट्टी व बालू को पाटकर पत्थर ऊपर लगा दिया गया था। इस संबंध में जेई बाढ़ खंड प्रदीप कुमार ने बताया कि लांचिंग अप्रन को पुन: दुरुस्त कराया जा रहा है।