संक्रमण का स्रोत तलाशने में जुटा जेल प्रशासन
बस्ती। जिला कारागार में शुक्रवार को 14 बंदियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि से जेल प्रशासन की बेचैनी बढ़ गई है। जेल प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि एक साथ इतने बंदी कैसे संक्रमित हो गए। आशंका जताई जा रही है कि मुलाकात करने आए किसी व्यक्ति से संक्रमण बंदियों तक पहुंचा है।
बता दें कि शुक्रवार को जिला कारागार में बंदियों के स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर लगाया गया था। इस दौरान बंदियों की कोरोनो जांच भी कराई गई। दोपहर ढाई बजे तक एक के बाद एक 14 बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी दौरान जेल का वर्चुअल मुआयना कर रहे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने संक्रमित पाए गए बंदियों को क्वारंटाइन करने और उनके इलाज का समुचित प्रबंध करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जेल प्रशासन को यह भी निर्देश दिया कि जेल में कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराया जाए। वहीं, उप कारापाल सुनील सिंह ने बताया कि इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जेल में एक साथ इतने बंदी कैसे कोरोना संक्रमित हो गए। फिलहाल स्पष्ट तौर पर जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। आशंका है कि जेल में मुलाकात को आने वाले किसी व्यक्ति से संक्रमण बंदियों तक पहुंचा है। फिलहाल संक्रमित मिले बंदियों को अलग बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है।
उप कारापाल ने बताया कि जेल में सभी बंदियों से कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। सभी को मास्क दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल के तीन डाक्टरों की ड्यूटी भी लगाई गई है। हैंड सैनिटाइजर और हाथ धुलने के लिए साबुन सभी स्थानों पर रखवाए गए हैं।