बस्ती। कांटे-बस्ती मार्ग पर मुंडेरवा थानाक्षेत्र के बनकसही चौराहे पर सोमवार की शाम स्कूटी व बाइक की टक्कर हो गई। बाइक सवार आईटीबीपी जवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्कूटी छोड़कर उसका चालक भाग गया।
संतकबीरनगर जिले के महुली थानाक्षेत्र के कलान निवासी रत्नेश कुमार पांडेय (30) पुत्र त्रियुगी नारायण पांडेय इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान थे। वह किसी काम से बस्ती शहर आए थे। सोमवार की शाम ओड़वारा के पास स्थित बनकसही चौराहे से गुजरते समय एक स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में रत्नेश के सिर में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। एसओ अतुल कुमार अंजान ने बताया कि स्कूटी कब्जे में लेकर उसके चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।