क्रासिंग बंद होने पर ठहर जाती है नारंग रोड की भी आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पांडेय बाजार को जोड़ने वाली शुगर मिल रेलवे क्राॅसिंग आवागमन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण इस क्राॅसिंग से भारी वाहन भी गुजरते हैं। पूर्वाेत्तर रेलवे की मुख्य लाइन होने की वजह से यह रेल फाटक अक्सर बंद रहता है। इसके चलते थोड़ी-थोड़ी देरी पर यातायात ठहर जाता है। वाहनों की बेतरतीब भीड़ सभी के लिए परेशानी पैदा करती है। फाटक खुलने के बाद इसी के चलते जाम लगता है।
शुगर मिल रेलवे क्राॅसिंग के दोनों तरफ सड़कों के किनारे गड्ढे हैं। उसमें वाहन फंस जाते हैं। बीचोबीच रेलवे लाइन के किनारे बिछाई गई गिट्टियां इस क्राॅसिंग को पार करने में बाधा खड़ी कर रही हैं। फाटक बंद होने की वजह से लोगों को कभी-कभी घंटों जाम में जूझना पड़ता है। इस क्राॅसिंग से होकर अनुमानित छोटे-बड़े दस हजार वाहनों का गुजरना रोज होता है। इसमें शहर के आधे हिस्से के नागरिकों का आवागमन भी शामिल हैं।
जाम से मुक्ति दिलाने की कवायद नौ साल पहले शुरू हुई थी। इस क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। वर्ष 2015 में जनपद के दौरे पर आए तत्कालीन रेल मंत्री मनोज सिन्हा ने यहां ओवरब्रिज बनाए जाने की घोषणा की थी, लेकिन परियोजना की स्वीकृति को कौन कहे, अभी तक जमीन के चिह्नांकन का भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। नौ साल का लंबा वक्त गुजर जाने के बाद यहां के नागरिक अब फिर निराश हो गए हैं। वह रोजाना इस क्राॅसिंग पर जाम की दुश्वारियों से जूझने पर विवश हैं। बेतरतीब हिचकोले खाते हुए वाहनों की रेंगती भीड़ में हर किसी को भगवान ही याद आ रहे हैं।
चालीस करोड़ का बजट हुआ था पास
तत्कालीन रेलमंत्री की घोषणा के बाद रेलवे बजट में शुगर मिल रेलवे क्राॅसिंग-198 बी पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। रेलवे बोर्ड ने तत्काल प्रस्तावित स्थल पर केवल रेलवे की जमीन का ब्योरा तलब किया। स्थानीय रेलवे की निर्माण शाखा ने रेलवे की भूमि का विवरण तैयार कर भेज दिया। लेकिन इसके बाद की प्रक्रिया ठप हो गई। जिससे यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी।
डिजाइनिंग हुई न बना डीपीआर
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए परियोजना की डिजाइनिंग अभी तक नहीं की जा सकी। जबकि इसी के आधार पर भूमि चिह्नांकन के साथ डीपीआर तैयार किया जा सकता है। लेकिन रेलवे बोर्ड की सुस्ती की चलते यह सभी प्रक्रिया ठप हो गई है। निर्माण शाखा को ओवरब्रिज के डिजाइनिंग प्रारूप का इंतजार है।
-
जानिए प्रस्तावित स्थल की भौगोलिक स्थित
भौगोलिक दृष्टिकोण से शुगर मिल रेलवे क्राॅसिंग पुरानी बस्ती क्षेत्र का पूर्वी किनारा है। यहां से बरदहिया बाजार होते हुए हाईवे, नारंग रोड होते हुए बस्ती-कांटे मार्ग पर जिगिना चौराहा और रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर होते हुए शहर में सीधे प्रवेश किया जा सकता है। शहरी आवागमन के साथ अनाज, सीमेंट के बड़े-बड़े गोदाम होने की वजह से भारी वाहनों की भी आवाजाही ज्यादा रहती है।
नागरिकों ने गिनाई दुश्वारियां
पुरानी बस्ती में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने का एक मात्र विकल्प ओवरब्रिज का निर्माण ही है। रेल मंत्री की घोषणा के बाद उम्मीद बनी थी कि रेलवे पुल बन जाएगा। लेकिन यह संभव नहीं हो पा रहा है।
-सुनील गुप्ता, व्यापारी, पुरानी बस्ती।
-
जिस सक्रियता से रेलवे पुल निर्माण के लिए आवाज उठाई गई थी उसी तरह उसकी पैरवी भी रेलवे बोर्ड में होनी चाहिए। यह जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। शुगर मिल के पास रेलवे ब्रिज न होने बड़ी दुर्घटना हो चुकी है। इसके बाद भी जिम्मेदार सचेत नहीं हो रहे हैं।
- संजय कुमार, पुरानी बस्ती।
-
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। 60 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज निर्माण किया जाना है। अभी इसकी वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
इं. राकेश कुमार, सहायक अभियंता सेतु निगम