डाउन अमरनाथ 34 घंटे, कटरा-कामाख्या डाउन 15 घंटे विलंब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को अमरनाथ डाउन एक्सप्रेस 34 घंटे की देरी से चल रही है। स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे रेल यात्री ने बताया कि घर में कथा का आयोजन चल रहा है, लेकिन ट्रेन इतनी विलंब होती जा रही है कि अब उसमें शामिल हो पाना मुश्किल है।
रेलवे बोर्ड के अनुसार, अप और डाउन करीब आठ एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में अमरनाथ डाउन एक्सप्रेस 34 घंटे की देरी से चल रही है। कटरा-कामाख्या डाउन एक्सप्रेस ट्रेन 15 घंटे, अमृतसर-सहरसा डाउन एक्सप्रेस 11 घंटे, राप्तीसागर डाउन एक्सप्रेस 7 घंटे, जनसाधारण-एलटीटी डाउन एक्सप्रेस 8 घंटे व बरौनी-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 3 घंटे की देरी से चल रही है।
दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 3 घंटे, अवध एक्सप्रेस अप 3 घंटे की देरी से चल रही है। स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही महिला यात्री राजपति ने बताया कि डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस से भागलपुर तक यात्रा करनी थी। घर में कथा का आयोजन चल रहा है, लेकिन उसमें शामिल हो पाना संभव नहीं लग रहा है। बताया कि परिवार के लोगों से बात चल रही है और सब लोग यही कह रहे हैं की टिकट निरस्त कर दीजिए।
यात्री राम सुरेश ने बताया कि नई दिल्ली तक यात्रा करनी है। स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चल रहा है की ट्रेन काफी विलंब है। यदि समय से नहीं पहुंचे तो बच्चों के विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। यात्री अंचलेश्वर ने बताया कि अवध एक्सप्रेस से बांद्रा तक यात्रा करनी है। ट्रेन इतनी विलंब होती जा रही है कि गर्मी में स्टेशन पर समय नहीं बीत रहा है।
बस्ती रेलवे स्टेशन पर तैनात पूछताछ ऑपरेटर इंद्रपाल सिंह ने बताया कि अब अधिकतर ट्रेनें निर्धारित समय से चलने लगी हैं। बृहस्पतिवार को स्टेशन पर डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्री काफी परेशान नजर आ रहे थे। क्योंकि यह ट्रेन 34 घंटे की देरी से चल रही है। यात्रियों को ट्रेनों के लेट होने की जानकारी तत्काल दी जा रही है।