यहां हर रोज लगता है जाम, लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज (बस्ती)। बस्ती जनपद के महराजगंज कस्बे में पंडूल रोड पर आये दिन जाम लगता है। इसका कारण मार्ग पर अतिक्रमण व टोल टैक्स बचाने के चक्कर में बड़े वाहनों का भी इसी रास्ते से होकर आना-जाना है।
कस्बे के पंडूल मार्ग पर अतिक्रमण के चलते आए दिन राहगीरों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। यहां बैंक, अस्पताल, स्कूल और कई सरकारी संस्थाओं के कार्यालय होने के कारण दूर दराज गांवों के लोग यहां अक्सर अपने काम के लिए आते हैं। साथ ही सोमवार और बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण भी यहां भीड़ बढ़ जाती है।कस्बे के श्याम सुंदर तिवारी, सुनील कुमार, मुन्ना यादव, दुर्गेश कुमार ने बताया कि पंडूल रोड से अधिकतर ट्रक टोल टैक्स बचाने के चक्कर में राम जानकी मार्ग भिउरा तक जाते हैं। इससे इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं गन्ना लदे ट्रक बिजली के तार से टकरा जाते हैं। इससे कई बार आग भी लग चुकी है। समस्या के निराकरण के लिए कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।