बस्ती। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान दसिया में निर्माणाधीन 500 करोड़ के लागत की एथेनॉल फैक्टरी का मुद्दा गरमाया रहा। फैक्टरी को लेकर जनप्रतिनिधि दो फाड़ में दिखे। भाजपा से हर्रैया विधायक अजय सिंह और भाजपा के ही जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी इस मुद्दे पर आमने-सामने हो गए। दोनों में तीखी बहस भी होने लगी।
सांसद की अनुमति के बाद बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई। कुछ देर तक विभिन्न विकास परक योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। इसी बीच एथेनॉल फैक्टरी मुद्दा उठा। इस पर भाजपा के हर्रैया विधायक अजय सिंह ने कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा मिलना चाहिए। इससे रोजगार का सृजन होगा। जिले के विकास की रफ्तार बढ़ेगी। इसीलिए सरकार भी उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
उनकी इस बात से असहमति जताते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि मानव स्वास्थ्य एवं वातावरण की दृष्टि से एथनॉल फैक्टरी नुकसानदायक है। सरकार का इससे कोई लेना देना नहीं है। फैक्टरी का विरोध होगा। इसी बात को लेकर सत्तासीन दल के दोनों जनप्रतिनिधि आमने-सामने हो गए। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। कुछ देर बाद इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष और हर्रैया विधायक बहस करते देखे जा रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस तरह के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बाद में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ दिलाया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि एवं सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, ग्रामीण विकास आदि योजनाओं की प्रगति जानी गई।
इस मौके पर डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव, विधायक कप्तानगंज के कविंद्र चौधरी, महादेवा दूधराम आदि मौजूद रहे।