दो दुकानों का शटर काटकर सरिया व रिंग चोरी
बभनान से सटे छपिया थाने के हथियागढ़ बाजार की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान/ बस्ती। छपिया थाना क्षेत्र के हथियागढ़ बाजार में स्थित प्रेम बाबू सोनी और महीउद्दीन के यहां से चोरों ने रात में शटर को काटकर लाखों का सरिया और रिंग चोरी चुरा लिया।
पीड़ित प्रेम बाबू सोनी के मुताबिक उनकी दुकान गन्ने के कांटे के पास स्थित है। वहीं पर उन्होंने चार टन सरिया और एक टन सरिया को बांधने वाला रिंग मंगा कर दुकान में रखा था। दूसरे दुकानदार महीउद्दीन की दुकान भी उनके बगल में स्थित है। महीउद्दीन के मुताबिक उनकी दुकान पर भी तीन टन सरिया और एक टन रिंग रखा था। रात में किसी ने शटर का ताला काटकर उनका सरिया और रिंग उठा ले गए। सुबह जब ये लोग अपनी दुकानों पर पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। इस पर इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजय तोमर और सीओ मनकापुर ने जांच-पड़ताल की। पीड़ितों के मुताबिक दुकान के बाहर ट्रक के पहियों के निशान बने हुए हैं। थानाध्यक्ष छपिया संजय तोमर ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।