सोमवार को हर्रैया के बीआर महाजन इंटर कॉलेज में केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी के जनसभा व अभिनंदन समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सांसद हरीश द्विवेदी की अगुवाई में व्यापक प्रबंध किए गए है।
सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में हरैया, कप्तानगंज व महादेवा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। मानव संसाधन विकास मंत्री रहीं स्मृति ईरानी ने जनपदवासियों के बच्चों के प्रवेश की समस्या को संज्ञान में लेते हुए सीटों को बढ़ाने के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति दी और बस्ती केंद्रीय विद्यालय में दो पाली कक्षाएं चलाये जाने की व्यवस्था दी। ऐसे में अभिभावकों के विशेष अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन समारोह किया जा रहा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किए छात्र छात्राओं को भी पुरस्कृत करेंगी।
जिलाध्यक्ष पवन कसौधन ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के अभिनन्दन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। किसी को कोई असुविधा न हो इसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था किया गया है। कार्यक्रम में जनपद के समस्त बूथ प्रमुख, सेक्टर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।