बेकाबू ट्रॉली की चपेट से दरोगा घायल
सिकंदरपुर (बस्ती)। सिकंदरपुर कस्बे के लवकुश रेस्टोरेंट के सामने रात 9 बजे थाने पर तैनात बीट दरोगा मोतीराम बेकाबू ट्राली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रैक्टर ट्रॉली को जोड़ने वाले रॉड के टूटने से हुआ। घटना के समय दरोगा गांव के चौकीदार से सड़क किनारे बात कर रहे थे। उन्हें आसपास के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने अयोध्या रेफर कर दिया।
हादसे में दरोगा के पास खड़े कस्बे के चौकीदार मोलहू की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही चालक ट्राली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष सदानंद सिंह भी मौके पर पहुंच गए। अयोध्या के श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती दरोगा की हालत चिंताजनक बनी हुई है।