नगर बाजार। थाना नगर में तैनात उपनिरीक्षक व्यास राय (56) की बुधवार शाम सीढ़ी से गिरने से माैत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक व्यास राय बुधवार शाम लगभग 6 बजे वे अपने आवास की सीढ़ियों से उतर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवटिया ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ प्रदीप तिवारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के चौराखास थानाक्षेत्र के भटही खुर्द निवासी दरोगा व्यास राय का स्वास्थ्य पिछले कई महीनों से खराब चल रहा था और वह इलाज के चलते अवकाश पर थे।
अवकाश समाप्त होने के बाद वे 25 नवंबर को ही दोबारा ड्यूटी पर लौटे थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। संवाद