बस्ती। आयुर्वेद निदेशालय के प्रभारी अधिकारी महेंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को जिले के विभिन्न सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों से अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं और भूमि संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, दवा वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और मरीजों से भी फीडबैक लिया। बताया कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर सरकारी आयुर्वेदिक अस्पताल को सरकारी भूमि पर हो। आयुष विभाग में कार्यरत अंशकालिक एवं पूर्णकालिक योग प्रशिक्षकों के मानदेय से जुड़े सवालों पर कहा कि जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।