बस्ती। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के चलते महानगरों से आने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।
इस समय दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, राजस्थान, चेन्नई, बंगलूरू, अमृतसर, पंजाब जैसे महानगरों से आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन ठसाठस भरकर आ रही है। बच्चों के साथ माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्य भीषण गर्मी व छुट्टी के चलते गांव आ रहे हैं। इसलिए ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। कई स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही है। जिसका खमियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा है।
महानगरों से आने वाली यात्रियों की भीड़ और भीषण गर्मी को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। बावजूद उसके नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। स्कूलों में बच्चों की गर्मी की छुट्टियों के चलते परिवार के लोग बच्चों के साथ बड़े शहरों से गांव आ रहे हैं। ऐसे में लगभग सभी ट्रेनों में यात्रियों की खचाखच भीड़ भरकर आ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत इस भीषण गर्मी में स्लीपर व जनरल कोच से यात्रा करने वाले यात्रियों को हो रही है। भीड़ के चलते कोच में लगे पंखे भी बेकार साबित हो रहे हैं।