फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: अस्पताल में बढ़े मरीज, पटाखों से झुलसे तो धुएं से बिगड़ी सांस

विज्ञापन
चेस्ट रोग विभाग में मरीज की जांच करते डॉ. एएन त्रिगुण संवाद - फोटो : छठ पर्व के उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत कथा शुरू, निकाली कलश यात्रा
विज्ञापन
बस्ती। दिवाली के बाद पटाखों का धुआं और मौसम में बदलाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में एक ओर पटाखों और करंट से झुलसे मरीज पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धुएं और बढ़ती ठंड के कारण दमा, एलर्जी और सांस फूलने की शिकायत वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बच्चों में भी बुखार, उल्टी और दस्त के गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल में बर्न वार्ड के छह बेड आरक्षित किए गए हैं।
विज्ञापन

नौ नवंबर की रात से ही पटाखों से झुलसे मरीजों के इमरजेंसी में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। अधिकांश मरीजों को हल्की चोट और घाव थे। प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। रुधौली निवासी गिरधारी लाल (63) बिजली की सजावट करते समय करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। उनका बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था। वहीं, नगर थाना क्षेत्र के टेमा गांव निवासी कन्हैंया लाल (46) पटाखा फोड़ते समय गंभीर रूप से झुलस गए।
हालत नाजुक होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। बर्न वार्ड में सर्जन और आई सर्जन की ड्यूटी लगाई गई है। अन्य चिकित्सकों को ऑन कॉल अलर्ट पर रखा गया है। स्टाफ के साथ दवाओं और उपचार संबंधी जरूरी सामान की व्यवस्था की गई है। नेत्र रोग विभाग में भी आंख में जलन की शिकायत लिए मरीज पहुंचे। सीएमओ डॉ. राजीव निगम की ओर से सभी सीएचसी को भी अलर्ट किया गया था। प्रत्येक सीएचसी पर बर्न के मरीजों के लिए दो-दो बेड आरक्षित किए गए थे। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज भेजने की व्यवस्था की गई। मंगलवार को जिला अस्पताल में 912 मरीजों को परामर्श दिया गया। वहीं, दिवाली के दिन 75 मरीज इमरजेंसी में आए, जिसमें से 25 मरीज जलने और चोटिल वाले थे।
विज्ञापन

बच्चों के वार्ड में बुखार, उल्टी-दस्त के 21 मरीज भर्ती
जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित 15 गंभीर बच्चे भर्ती हैं। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट संबंधी समस्याओं के मरीज बढ़ रहे हैं। वहीं, पीआईसीयू में तेज बुखार और झटके की समस्या से पीड़ित छह बच्चे भर्ती हैं। बाल रोग विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। संतकबीरनगर जिले के बाघनगर कस्बे के पांच वर्षीय बच्चे को छह दिन पहले पीआईसीयू में भर्ती कराया गया था। जांच में उसकी जीभ तालू से चिपकी होने की समस्या सामने आई। इससे उसे बोलने और अन्य गतिविधियों में परेशानी हो रही थी। डॉ. बबिता पांडेय के अनुसार, बच्चे की सभी जरूरी जांच कराई जा चुकी हैं। डॉ. अनिल सिंह उसका ऑपरेशन करेंगे। अन्य भर्ती बच्चों में तेज बुखार और झटके की शिकायत है। चिकित्सकों के अनुसार इलाज से उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। बच्चों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं।
धुएं और ठंड से बढ़ी सांस की परेशानी
दिवाली के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ी है। चेस्ट रोग विभाग के फिजीशियन डॉ. एएन त्रिगुण ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक ओपीडी में 25 मरीज पहुंच चुके थे। इनमें आधे से अधिक सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर आए थे। पटाखों से निकला धुआं दमा के मरीजों के लिए नुकसानदायक है। इसके अलावा तापमान में गिरावट से भी सांस फूलने की समस्या बढ़ रही है। बताया कि 50 प्रतिशत मरीज सांस के तकलीफ से जूझते हुए पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के चेस्ट एवं टीबी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि मौसम में बदलाव और प्रदूषण बढ़ने से एलर्जी व अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ी है। पुराने मरीजों की परेशानी बढ़ने के साथ ही नए मरीज भी सांस संबंधी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। ठंड बढ़ने से हृदय रोगियों की परेशानी भी बढ़ रही है। जिला अस्पताल में ईसीजी जांच कराने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।



बर्न के मरीजों के लिए अस्पतालों में इंतजाम
जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में छह बेड आरक्षित।
सभी सीएचसी पर दो-दो बेड की व्यवस्था।
बर्न वार्ड में सर्जन और आई सर्जन की ड्यूटी।
अन्य चिकित्सक ऑन कॉल अलर्ट पर।
दवाओं और उपचार संबंधी जरूरी सामान उपलब्ध।
गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज भेजने की व्यवस्था।
कोट::::
बर्न वार्ड में पूरी व्यवस्था है। गंभीर मरीज ही रेफर किए गए। दिवाली के बाद सांस संबंधित मरीज आ रहे, उनके लिए आईसीयू में सुविधा है। चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। -डॉ. सुजीत कुमार यादव, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें