बस्ती शहर के बभनगांवां में एक बड़े व्यापारी क्वांटम ग्रुप के प्रोपराइटर के आवास और निर्माणाधीन होटल पर बुधवार की सुबह गोरखपुर, प्रयागराज व लखनऊ की आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। सुबह ही टीम छापा मारने पहुंच गई थी, लेकिन आवास पर ताला लगा था।
दोपहर बाद जांच पडताल शुरू हो सकी। आवास पर प्रपत्रों की जांच के बाद बृहस्पतिवार की सुबह अचानक क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव के निर्माणाधीन होटल पर भी टीम ने छापा मारा। यहां मौजूद सभी कर्मियों से पूछताछ की।
आयकर सूत्रों ने बताया कि क्वांटम ग्रुप के लखनऊ परिसर पर भी छापेमारी की गई है। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान टीम ने बैंक के खाते, होटल की जमीन और निर्माणाधीन फर्म के साथ अनुबंध की पड़ताल की है। कंप्यूटर और रिकार्ड के प्रपत्रों की पक्की नकल लेकर टीम जांच के लिए अपने साथ ले गई है।