दो बाइक की टक्कर में दोनों के चालक की मौत, तीन घायल
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के ओपेक हॉस्पिटल कैली के सामने रविवार रात पौने दस बजे दो बाइकों की टक्कर हो गई। दोनों बाइक के चालक की हादसे में मौत हो गई। जबकि युवती समेत तीन अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के देवापार चैन पुरवा निवासी 22 वर्षीय नवीन कुमार पुत्र त्रिभुवन बाइक से कोतवाली थाना क्षेत्र के जखनी बारात जा रहे थे। उनकी बाइक पर गांव के 20 वर्षीय सतीश और 22 वर्षीय अर्चित भी सवार थे।
ओपेक हॉस्पिटल कैली के पास स्थित एसबीआई बैंक के सामने विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से इनकी टक्कर हो गई। जिस पर सवार लालगंज थाना क्षेत्र के चंगेरवा निवासी 51 वर्षीय फूलचंद यादव अपनी बेटी सोनी के साथ शहर से गांव की तरफ जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि चैन पुरवा निवासी नवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को जिला अस्पताल ले गई। जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने फूलचंद यादव को भी मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि दोनों के परिवार वालों को सूचना दी गई है।