वितरण को आए मास्क, सैनिटाइजर स्टोर में बंद
बस्ती। हरित क्रांति योजन (पूर्वी उत्तर प्रदेश) बीजीआरईआई के तहत जिले में 18 सौ हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती का सामूहिक प्रदर्शन किया जा रहा है। योजनांतर्गत लाभार्थी किसानों में वितरण के लिए शासन से सैनिटाइजर, मास्क व फेश शील्ड वितरण के लिए आया है, लेकिन सारा सामान कृषि भवन स्थित एक स्टोर में धूल फांक रहा है।
बीजीआरईआई योजना के लाभार्थी किसानों को जुताई-बुवाई व रोपाई के दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क व सैनिटाइजर वितरण किया जाना है। धान रोपाई का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन प्राप्त सामान के वितरण का कहीं नामोनिशान नहीं है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार करीब पांच हजार लीटर सैनिटाइजर, दस हजार मास्क व दो हजार फेश सील्ड शासन से प्राप्त हुआ है, जिसे किसानों को रोपाई, प्रशिक्षण से लेकर कटाई तक कई चरणों में वितरित किया जाना है। उप कृषि निदेशक डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीजीआरईआई योजनांतर्गत किसानों को चार सत्र में प्रशिक्षण दिया जाना है। प्राप्त सैनिटाइजर, मास्क व फेश सील्ड पूरे सीजन के लिए मिला है, जिसे वितरित कराने के लिए सभी एसडीओ को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही पहले चरण का वितरण पूरा कर लिया जाएगा।