पुरानी बस्ती। पुरानी बस्ती मां दुर्गा की भक्ति और उत्साह में डूबी है। क्षेत्र में करीब 160 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा पंडालों में कहीं देवी गीत गूंज रहे हैं तो कहीं हवन-पूजन के जरिये श्रद्धालु मां की आराधना कर रहे हैं। वहीं, रेलवे के पूर्वी केबिन पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या भी बनी हुई है। इसे देखते हुए आयोजकों ने इस बार गुफा वाली देवी के पंडाल की थीम में बदलाव किया है।
पुरानी बस्ती के सुर्तीहट्टा गली स्थित गुफा वाली देवी का मंदिर पिछले पांच वर्षों से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां हर साल गुफा का निर्माण कर भक्तों को विशेष धार्मिक अनुभूति कराने का प्रयास किया जाता रहा है। हालांकि, इस बार फ्लाईओवर निर्माण और जाम की समस्या को देखते हुए आयोजकों ने गुफा नहीं बनाने का निर्णय लिया है। इसके स्थान पर पंडाल को शिवयोग थीम पर तैयार किया जाएगा।
यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए एक गाड़ी फायर ब्रिगेड की 24 घंटे टीम के साथ रहेगी। वहीं, जिला अस्पताल स्थित नंदा नाथ पंडाल स्थापित दुर्गा प्रतिमा को देखने को लोग उमड़ रहे हैं। नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने बताया कि क्षेत्र में पीआरडी जवानों, होमगार्ड और कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।
हलका प्रभारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा पुलिसकर्मी पैदल गश्त भी कर रहे हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पंडाल की जांच करते हुए संचालक को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पूजा समितियों ने भी सुरक्षा के दृष्टिगत कार्य कराए हैं।