कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के खपडही गांव निवासी दुर्गावती ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से बुरी तरह मारपीट कर बेहोशी की हालत में खेत में फेंक दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
तहरीर के अनुसार, दुर्गावती की बेटी की शादी छावनी थाना क्षेत्र के खिदरीपुर निवासी एक युवक के साथ 16 मई 2022 को हुई थी। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह करीब 12 बजे उनकी बेटी को मारपीट कर ससुराल से लाकर एठीडीह, कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित खेती में बेहोशी की हालत में फेंक दिया गया। लोगों ने जब शोर मचाया कि खेत में कोई महिला अचेत अवस्था में पड़ी है तो गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर उसे पहचाना और तुरंत इसकी सूचना परिजन को दी। सूचना मिलते ही परिजन ने 112 और एंबुलेंस की मदद से पीड़िता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। कप्तानगंज के एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।