मुख्य बाजार में लोगों को आने-जाने में न हो कठिनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने बस्ती शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है। आयुक्त सभागार में आयोजित कानून व्यवस्था, कर-करेत्तर एवं राजस्व की बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार में लोगों को आने-जाने के लिए सुविधाजनक ढंग से रास्ता मिले, इसके लिए अतिक्रमण हटवाए जाएं और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कहा कि यदि जरूरी हो तो व्यवसायियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की जाए। आईजी आरके भारद्वाज ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए सिद्धार्थनगर जिलाधिकारी और एसपी नेपाल बार्डर पर आवागमन रेगुलेट करने के लिए नेपाल के अधिकारियों से बैठक कर रणनीति तैयार कर लें। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिया कि टाॅपटेन अपराधियों पर चार्जशीट दायर करें, ताकि उन्हें पकड़कर जेल भेजा जा सके। बैठक का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन राजीव पांडेय ने किया। मौके पर डीएम अंद्रा वामसी, सिद्धार्थनगर पवन अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक बस्ती गोपाल कृष्ण चौधरी, संतकबीर नगर के सत्यजीत गुप्ता, सिद्धार्थनगर की प्राची सिंह, एडीएम कमलेश चन्द्र, उमाशंकर, जयप्रकाश आदि मौजूद रहे।