प्रेस क्लब में हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर गोष्ठी को संबोधित करतीं नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा।
बस्ती। नपाध्यक्ष नेहा वर्मा ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में हिंदी पत्रकारिता का अहम योगदान है। 30 मई 1826 को भारत का पहला हिंदी समाचार पत्र उदंड मार्तंड प्रकाशित हुआ था। इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पत्रकारिता शुरू से समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही है। वहीं समाज का आईना है। सजग पत्रकारिता ही लोकतंत्र का असल गौरव है।नपाध्यक्ष मंगलवार को प्रेस क्लब सभागार में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित विचार गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। उन्होंने पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया। अंकुर वर्मा ने कहा कि आज के परिवेश में पत्रकारिता आसान नहीं है। पत्रकारों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। डिजिटल युग में अधिकांश पाठक प्रिंट मीडिया की अपेक्षा डिजिटल समाचार पढ़ रहे हैं। फिर भी प्रिंट मीडिया का महत्व घटा नहीं है। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने किया। इस मौके पर पत्रकार दिनेश चंद्र पांडेय, मजहर आजाद, केडी मिश्र, प्रदीप चंद्र पांडेय, सरदार जगवीर सिंह आदि मौजूद रहे।