मौसम में बदलाव से लोगों में हो रही कई तरह की परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बदलते मौसम में लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है। इसमें संक्रामक बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं। चिकित्सक बताते हैं कि इंफेक्शन से बचने के लिए सतर्क रहना चाहिए। अस्पताल में पहुंच रहे मरीजों को चिकित्सक दवा के साथ नियमित व्यायाम की सलाह दे रहे हैं।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्का शुक्ल ने बताया कि बदलते मौसम में गर्भवतियों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है। ऐसे में वे छोटी-छोटी बात पर नाराज हो रही हैं। अस्पताल आने पर उन्हें दवा के साथ मौसमी फल और भोजन में पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी जा रही है।
आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वीके वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव होने पर लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। इससे सर्दी, खांसी, सिरदर्ज, गले में खराश, शरीर में दर्द जैसी दिक्कतें आती हैं। इन मौसमी बीमारियों को देखते हुए लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि ठंड अभी पूरी तरह से गई नहीं है। दिन में धूप होने से गर्मी तो रात में सर्द हवा चलने से मौसम सर्द हो जा रहा है।
इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आजकल ओपीडी में आ रहे 200 मरीजों में से करीब 50-60 मरीज मौसमी बीमारी से पीड़ित मिल रहे हैं।
..
बीमारी से बचने के सुझाव
- बहुत ज्यादा गर्म कपड़े न पहनें, मगर अपने साथ एकाध गर्म कपड़े रखें।
- समय-समय पर गर्म पानी से भाप लेते रहें।
- सर्दी-जुकाम होने पर पीने के लिए गर्म पानी का ही इस्तेमाल करें।
- नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ जैसी चीजों को भोजन में शामिल करें।
- रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए दूध में लौंग और हल्दी डालकर पीएं।
- सुबह चाय की जगह अजवाइन, तुलसी, काली मिर्च से बना काढ़ा पीएं।