जिला अस्पताल के पास निजी अस्पताल सील करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
बस्ती। जिला चिकित्सालय के गेट नंबर-दो के निकट करीब दो वर्ष से संचालित स्पाइन के निजी अस्पताल को बिना किसी डिग्री के संचालित किया जा रहा था। प्रमुख सांऊघाट की शिकायत पर मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा तो यहां डॉक्टर सहित सभी फरार मिले। अस्पताल को टीम ने पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सील करा दिया है। यहां लगे न्यूरो स्पाइन बोर्ड को भी हटवा दिया है।
सांऊघाट के प्रमुख अभिषेक कुमार ने 6 अगस्त को सीएमओ को शिकायती पत्र दिया कि जिला चिकित्सालय के गेट नंबर-2 के सामने एपेक्स न्यूरो स्पाइन सेंटर नाम से अस्पताल संचालित है। शिकायत में अस्पताल को संचालित करने वाले चिकित्सक की डिग्री पर भी सवाल उठाए गए। प्रमुख की शिकायत को संज्ञान में लेकर सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र ने नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एके मिश्र व डाॅ. एके कुशवाहा के नेतृत्व में टीम बना दी। टीम ने पुलिस बल के साथ सोमवार को 11 बजे दिन में अस्पताल पर छापा मार कार्रवाई की। अस्पताल में कोई मरीज नहीं मिला, न तो डॉक्टर ही मिले। यहां कोई कर्मचारी भी नहीं था। अस्पताल को सील कर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोर्ड आदि हटवा दिया।
एसीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने कहा कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। यहां न तो कोई मरीज मिला न डॉक्टर। यह अस्पताल प्रथम दृष्टया पूरी तरह अवैध पाया गया है। इसे सील कर दिया गया है। क्योंकि इस अस्पताल का पंजीकरण भी स्वास्थ्य विभाग में नहीं था। इस पर लिखे चिकित्सकों के नाम और मोबाइल नंबर के आधार पर संपर्क साधा जा रहा है। यहां अस्पताल की ओर से कोई वैध अभिलेख नहीं मिले हैं। संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा पढ़ी की जा रही है।