रेलवे स्टेशन पर बरामद अनाधिकृत सप्लाई की पानी बोतलें। संवाद
बस्ती। तेज धूप व गर्मी के चलते ट्रेनों में पानी की मांग काफी बढ़ गई है। ऐसे में धंधेबाज यात्रियों के बीच अनाधिकृत पानी खपाने में जुट गए हैं। चोरी छिपे अधिक मुनाफाखोरी के चक्कर में अलग-अलग कंपनियों का पानी सप्लाई किया जा रहा है। रेलकर्मियों की टीम ने मंगलवार को गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस से पानी की 280 अवैध बोतलें बरामद की है।
रेल कर्मचारियों की टीम पिछले कुछ दिनों से लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। टीम ने मंगलवार रात करीब 10:15 के बस्ती रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन में अवैध तरीके से लाए जा रहे 280 पानी की अनाधिकृत बोतलें बरामद कर जब्त कर लिया। बताया गया कि पकड़ा गया पानी ट्रेन या प्लेटफार्म पर बेचने के लिए अधिकृत नहीं है। बावजूद इसके ट्रेन में अनाधिकृत रूप से पानी बेचने के लिए रखा गया था।
सीटीटीआई शमीम अहमद और सीनियर सीसीटीसी ईश्वर निषाद महानगरों को जाने वाली और आने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ प्लेटफार्म पर बिना टिकट यात्रियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची गई। रेल कर्मचारियों ने ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। संवाद