अनफिट मिली स्कूली बस तो होगी एफआईआर
बस्ती। बिना फिटनेस संचालित की जा रही स्कूली बसों के जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश एआरटीओ पंकज सिंह ने दिए हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों के जीवन की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले विद्यालयों के प्रबंधक या प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार, जिला सड़क सुरक्षा को लेकर जिला विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक डीएम प्रियंका निरंजन ने की थी। उसमें स्कूली वाहनों के फिटनेस एवं वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के लिए प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए थे।
एआरटीओ ने बताया कि जिन विद्यालयों के वाहनों के स्वस्थता प्रमाणपत्र समाप्त हो चुके हैं, यदि वे मार्गों पर संचालित होते पाए गए तो उनके मालिक व चालक पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि ऑटो रिक्शा व टैंपो क्षमता से अधिक बच्चे ढोते मिले तो उन्हें भी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।