बस्ती। संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) दुर्गेश प्रसाद ने मंडल के सभी पीसीएफ केंद्र प्रभारियों व राइस मिलरों को चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर चावल का संप्रदान नहीं किया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पीसीएफ के सभी केंद्र प्रभारियों व खाद्य एवं रसद विभाग के मंडल भर के अधिकारियों की बैठक करते हुए आरएफसी दुर्गेश प्रसाद ने कहा कि अभी तक बस्ती जिले के केंद्रों पर 5 हजार 7 सौ 76 एमटी, सिद्धार्थनगर के केंद्रों पर 3 हजार 13 एमटी व संतकबीरनगर के केंद्रों पर 671 एमटी समेत कुल 9487 एमटी धान मिलों तक नहीं पहुंच सका है। इससे संबद्ध राइस मिलें 8895 एमटी चावल का संप्रदान नहीं कर सकी हैं। इसके लिए उप निबंधक सहकारिता को चेतावनी दिया कि अगर दो दिन के भीतर सभी केंद्रों से धान राइस मिलों तक नहीं पहुंचा तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। वहीं राइस मिलें अगर तीन दिन के भीतर चावल का संप्रदान नहीं कीं तो सभी डिप्टी आरएमओ की एक कमेटी गठित कर तत्काल राइस मिलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करें। आरएफसी ने पीसीएफ प्रबंधक को किसानों का अवशेष बकाया लगभग 27 करोड रुपये जल्द से जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एआर कोऑपरेटिव आशीष कुमार श्रीवास्तव, पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमित कुमार चौधरी, बस्ती के डिप्टी आरएमओ अजय प्रताप सिंह, सिद्धार्थनगर के डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ, मंडल के सभी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी व पीसीएफ के सभी केंद्र प्रभारियों समेत सभी राइस मिलर्स मौजूूद रहे।