बस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अब 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इससे कम उपस्थिति पर छात्र-छात्राएं इस बार परीक्षा नहीं बैठ पाएंगी। यूपी बोर्ड ने इस बाबत सभी डीआईओएस को निर्देश भेज दिया है। इसके बाद जिले में प्रधानाचार्य स्तर से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को नोटिस भेजा जा रहा है। इससे हड़कंच मच गया है।
उधर, यूपी बोर्ड का फरमान आने के बाद विद्यार्थियों में 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरा करने की होड़ मच गई है। चाहे गर्ल्स इंटर कॉलेज हो या फिर पुरुष, इन दिनों सभी विद्यालय विद्यार्थियों से गुलजार रहने लगे हैं। हालांकि, अधिकतर विद्यार्थी स्कूल में हाजिरी लगाकर निकल जा रहे हैं, क्योंकि उन्हें बोर्ड परीक्षा की तैयारी भी करनी है। बता दें कि अन्य बोर्डों की अपेक्षा यूपी बोर्ड के स्कूलों में नियमित रूप से उपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम रहती है। इसे सुधारने के लिए यूपी बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि बोर्ड सचिव का पत्र मिलते ही जिले के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में पत्र भेज दिया गया है और इस आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।