बस्ती। दीपावली और भैया दूज के समापन पर बृहस्पतिवार को शहर समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर लक्ष्मी और गणेश मूर्तियों का विसर्जन श्रद्धा और भक्तिभाव से हुआ। शहर में कोतवाली क्षेत्र की 75 मूर्तियों समेत करीब डेढ़ सौ मूर्तियों का अमहट और मुक्तिधाम घाट पर विसर्जन किया गया।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी, कोतवाल दिनेश चौधरी आदि जुलूस के साथ और घाट पर निगरानी करते रहे। हर्रैया संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के पेंदा घाट, मुर्दहवा घाट, मनोरमा पुल, बैरवा घाट सहित अन्य स्थानों पर क्षेत्र में स्थापित कुल 35 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह दल बल के साथ लगातार घाटों का निरीक्षण करते रहे। वाल्टरगंज संवाद के अनुसार क्षेत्र में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली से मां लक्ष्मी की मूर्तियों को लेकर डीजे की धुन पर नाचते और गुलाल-अबीर उड़ाते हुए घाटों तक पहुंचे। महिलाएं और बच्चे भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और उत्सव का आनंद लिया। थाना क्षेत्र के महादेवा घाट, बारह क्षेत्र घाट, बक्सई घाट, पाडिया पोखरा, मनोरी पुल, कठिनाइयां पुल, बसडिला पुल व मुडघाट पर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में मूर्तियों का विसर्जन कराया गया। टिनिच संवाद के अनुसार क्षेत्र में स्थापित 30 मूर्तियों का गटरा पुल पर विसर्जन किया गया। चौकी प्रभारी हरिराय राव ने बताया कि सभी मूर्तियों को सुरक्षित तरीके से विसर्जित किया गया।
इस दौरान भानपुर तहसील के नायब तहसीलदार कृष्ण मोहन, राजस्व निरीक्षक शक्ति शरण यादव, भारत चौधरी, चंद्रशेखर राम सागर चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
परशुरामपुर संवाद के अनुसार क्षेत्र में भी लक्ष्मी मूर्तियों का विसर्जन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। परशुरामपुर, मडरिया, चौरी, हैदराबाद, कोहरायें सहित अन्य बाजारों में स्थापित मूर्तियां दोपहर बाद विसर्जन के लिए घाटों की ओर रवाना की गईं।
मनोरमा नदी के मखौडाधाय, कोहरायें और कुसमौर घाट पर कुल 20 मूर्तियों का विसर्जन संपन्न हुआ। परशुरामपुर के एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सभी मूर्तियों का विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ। मानिकचंद संवाद के अनुसार भादी खुर्द पोखरा, पड़िया पोखरा, वालेडिहा के कठिनाइयां नदी पुल तथा टेमा नदी के पुल पर मूर्तियों का विसर्जन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के भादी खुर्द, पचदेउरी, ककरहवा, सिसवारी, पैडा, सरैया, मुस्तफावद, पड़िया खास, इटौआ, पुर्सिया, मकदा, तेनुआ, मझौंआमीर, पलाने, औराडिहा, बसडीला, सुहई और बालेडिहा के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलवारी संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 78 लक्ष्मी मूर्तियों में से 28 का विसर्जन बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर हुआ। सबसे अधिक विसर्जन मांझा कला के कठौवा पुल पर हुआ। विसर्जन के समय कोई अशांति ना फैले उसके लिए क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी व थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह क्षेत्र में भ्रमण करते नजर आए।
हर्रैया कस्बे में स्थापित प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु- संवाद- फोटो : संवाद
हर्रैया कस्बे में स्थापित प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु- संवाद- फोटो : संवाद
हर्रैया कस्बे में स्थापित प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु- संवाद- फोटो : संवाद
हर्रैया कस्बे में स्थापित प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु- संवाद- फोटो : संवाद