संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुलिस रिमांड पर लिए गए सऊदी अरब से दूसरों के खाते में लाखों रुपये मंगवाने और अपहरण के आरोपी हीरालाल उर्फ मल्लू से इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) की टीम पूछताछ कर रही है।
विदेश से रुपये मंगाने और भेजने की सूचना पर आईबी की टीम यहां शुक्रवार की सुबह ही पहुंच गई थी। उससे क्या जानकारी मिली है, यह बताने से पुलिस बच रही है। विवेचक सीओ कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि आईबी की टीम पूछताछ कर रही है।
उसके बाद वह आवश्यक तफ्तीश करेंगे। शनिवार की सुबह 10 बजे मल्लू के रिमांड की अवधि पूरी हो जाएगी। इन दो दिनों की पूछताछ में पुलिस को मिली जानकारियां गोपनीय रखी जा रही हैं। सूत्रों से पता चला है कि यह प्रकरण ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े फ्राॅड की तरफ जा रहा है।
इसे देखते हुए आईबी के अलावा तीन स्तर की जांच चल रही है। उसके खातों की जांच का जिम्मा एलआईयू और बाकी पूछताछ की जिम्मेदारी स्वाॅट और कलवारी पुलिस को दी गई है।
शनिवार को यह मामला तब प्रकाश में आया जब कलवारी क्षेत्र के सैफाबाद में विजय कुमार के खाते में भेजे गए पांच लाख रुपये को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रुपये मंगाने वाले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पिपरा जप्ती निवासी हीरालाल उर्फ मल्लू ने दो सहयोगियों के साथ विजय का उसके घर से अपहरण कर लिया था।
हालांकि, पुलिस के पीछे लगने की वजह से 47 हजार रुपये एटीएम से निकलवाने के बाद मल्लू उसे छोड़कर भाग गया था।
पुलिस ने उसे उसी रात गिरफ्तार कर पूछताछ की तो बांग्लादेश और सऊदी अरब का कनेक्शन सामने आया। मल्लू से पूछताछ में पता चला कि रकम भेजने वाला मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला है।
वह सऊदी अरब में बैठकर नेटवर्क चलता है। इस पूरे खेल के पीछे असल मकसद अभी पुलिस नहीं जान पाई है। इसके लिए उसे रिमांड पर लिया गया है।स