बभनान चीनी मिल के बेलवरिया जंगल गन्ना क्रय केन्द्र पर गन्ना घटतौली पकड़े जाने पर विरोध प्रर्द्रशन करते किसान।
खून पसीने से सींचकर पैदा किए गन्ने की उपज में घटतौली सामने आतेे ही किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बभनान सुुुगर मिल के क्रय केंद्र बेलवरिया जंगल व वाल्टरगंज सुगर मिल के गौरा क्रय केंद्र पर किसानों नेे तौल बंद कराकर हंगामा करना शुरू कर दिया। अंतत: दोनों केंद्रों पर अधिकारी पहुंचे और जांच में घटतौली पकड़ी गई। जिला गन्ना अधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है।
बृहस्पतिवार को पहला मामला बभनान मिल के केंद्र बेलवरिया जंगल पर सामने आया। जहां पर उसी गांव के किसान राम सुख अपना गन्ना लेकर गए। पहले ही ट्रॉली समेत तौल कर लिया था। मगर केंद्र पर एक कुंतल 74 किलोग्राम गन्ना केंद्र पर कम पाया गया। इस पर किसान हंगामा करने लगे। क्रय लिपिक विकाश शुक्ला को घेर लिया। अपना दल के जिलाध्यक्ष राम सिंह पटेल तमाम किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। सीनियर सीडीआई अजीत कुमार पांडेय, गौर गन्ना समिति के सचिव एसएन सिंह, बभनान के सचिव राम अभिलाष तिवारी पहुंचे। फिर से तौल कराया तो एक कुंतल बीस किलो घटतौली पकड़ी गई। इसकी पूरी रिपोर्ट जिला गन्ना अधिकारी को भेजी गई है। डीसीओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
दूसरा मामला वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के गौरा गन्ना क्रय केंद्र का है। जहां महुआ गांव के किसान राम नरायन चौधरी गन्ना तौल करने सुबह क्रय केंद्र पर गए। वहां वजन करने पर 39 क्विंटल 20 किलोग्राम आया। शक होने पर वह अपना गन्ना लेकर धर्मकांटा पर चले गए। जहां दो क्विंटल बीस किलोग्राम वजन अधिक मिला। इससे नाराज किसान चन्द्र प्रकाश चौधरी, संजय, अर्जुन सिंह, पंकज शर्मा, राम बुझारत की लिपिक से बहस होने लगी। समाचार लिखे जाने तक हल नहीं निकला है।