संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। शुकुलपुरा के पंचायत भवन परिसर में कोटेदार के चयन की पिछली बैठक कोरम के अभाव में निरस्त हो गई थी। सोमवार को दूसरी बैठक में भी जमकर हंगामा हुआ। लिहाजा, बिना निर्णय के बैठक स्थगित करनी पड़ी।
प्रधान बेचनराम की अध्यक्षता में पर्यवेक्षक सहायक विकास अधिकारी पंचायत संजय श्रीवास्तव, सचिव श्याम बिहारी वर्मा ने उपस्थित जनसमूह से कोटा चयन के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगा। ग्राम पंचायत के तीन उम्मीदवार गंगा प्रसाद तिवारी, जीतेंद्र शुक्ला व शिवानाथ शुक्ला ने आवेदन किया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि अपने-अपने उम्मीदवार के लिए मौजूद लोग एक तरफ खड़े होकर समर्थन में हाथ उठाएं।
यह सुनते ही शिवानाथ शुक्ला ने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की बात कही। गंगा प्रसाद तिवारी के समर्थन में जनसमूह ने हाथ उठाया, तभी जितेंद्र के समर्थक शोर मचाने लगे। आरोप लगाने लगे कि कोटेदार चयन के लिए यह प्रक्रिया ठीक नहीं है। इसके बाद जितेंद्र व गंगा प्रसाद के समर्थक हंगामा करने लगे।ࢭ