बस्ती। जिले के विकास खंड मुख्यालयों पर तैनात खंड विकास अधिकारियों और कर्मचारियों को जर्जर आवास से निजात दिलाने के लिए नए आवास बनवाए जाएंगे। बनाए जाने वाले आवासों में टाइप-4 से टाइप-1 के आवास शामिल हैं। आवासीय कॉलोनी में पूरी सुविधा होगी।
नया प्रस्ताव बनाकर कार्यदायी संस्था ने डीडीओ को सौंपा, जहां से डीडीओ ने उसे शासन स्तर पर भेज दिया है। पहले जो प्रस्ताव बना था उस पर सहमति नहीं बन पाई थी।
बताया गया कि हर्रैया, विक्रमजोत, रामनगर, सल्टौआ गोपालपुर और परशुरामपुर में खंड विकास अधिकारी के साथ ही एडीओ स्तर के अधिकारियों के अलावा कर्मचारियों के आवास कंडम हो चुके हैं। इनके लिए नये आवास का निर्माण कराया जाएगा। कर्मचारियों के मल्टीस्टोर भवन तैयार किए जाएंगे। एक ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) व कर्मचारी आवास के निर्माण पर पांच से आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आवास निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नामित किया गया है। खंड विकास अधिकारी के टाइप-4 के आवास का निर्माण कराया जाएगा। इसका निर्माण 186.50 वर्ग मीटर में कराया जाएगा। इसमें तीन बेड रूम, एक ड्राइंग रूम, एक-एक सह ड्राइंग रूम, किचन, स्टोर रूम,तीन टायलेट,एक यूटिलिटी बालकनी, दो बालकनी, एक सर्वेंट रूम व एक पार्किंग की व्यवस्था होगी।
वहीं टाइप -3 के आवास 115 वर्ग मीटर में तैयार कराए जाएंगे। इनमें दो बेड रूम, एक ड्राइंग रूम, एक सह ड्राइंग रूम,एक-एक स्टडी, किचन व स्टोर रूम,तीन टायलेट,एक यूटिलिटी बालकनी,दो बालकनी व एक पार्किंग की व्यवस्था होगी। टाइप-2 के आवास 78 वर्ग मीटर में बनवाए जाएंगे। एक ड्राइंग रूम, दो-दो बेड रूम व टायलेट,एक किचन, एक स्टोर रूम, एक यूटिलिटी बालकनी, दो बालकनी व एक पार्किंग की व्यवस्था होगी।
टाइप-एक के आवास 55 वर्ग मीटर में बनवाए जाएंगे। इनमें एक ड्राइंग रूम, एक-एक बेड, किचन व स्टोर रूम, एक टायलेट, एक यूटिलिटी बालकनी, दो बालकनी की व्यवस्था होगी।