डीआईजी लक्ष्मीनरायन ने कावर मेले के सुरक्षा को लेकर एसपी कृपा शंकर सिंह और एएसपी रोहित मिश्र के साथ बैठक किया।
श्रावण शिवरात्रि के दिन भद्रेश्वरनाथ में करीब दो लाख कांवर-यात्री जलाभिषेक करेंगे। एक साथ इतनी भारी तादाद में श्रद्धालुओं के सीमित क्षेत्र में एकत्र होने की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने मातहतों के साथ राय शुमारी करना शुरू कर दी है। रविवार को डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने एसपी कृपाशंकर सिंह, एएसपी रोहित मिश्र समेत संबंधित इंस्पेक्टर के साथ कैंप कार्यालय में मीटिंग की। संवेदनशील और प्रेशर प्वाइंट को लेकर हिदायत दी।
अयोध्या से जल लेकर आने वाले कांवरिया हाइवे से फुटहिया होते हुए अमहट घाट के पुराने पुल से शहर में प्रवेश करेंगे। यहां से सिविल लाइंस के डीएम बंगला के रास्ते भुअर निरंजनपुर होते हुए डारीडीहा चौराहे पहुंचेंगे। बस्ती के अलावा फैजाबाद, गोंडा व संत कबीरनगर के अधिकारियों से यहां के अफसर संपर्क साधे हुए हैं। नगर पालिका, परिवहन निगम व विद्युत विभाग के अधिकारियों को पत्र भेज व्यवस्था में सहयोग के लिए कहा गया है। डीआईजी ने बताया कि त्योहार को लेकर पूरे रेंज पर नजर रखी जा रही है।