कंप्तानगंज क्षेत्र के बेलवाजोर में जलाई गई होलिका।
बस्ती। फाल्गुनी रंग अब चटख हो गया है। घर से बाहर, सड़क से बाजार हर तरफ रंग-उमंग की बहार है। होली का उल्लास अब लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगा है। सोमवार की शाम से ही होली की रंगत परवान चढ़ गई। जगह-जगह होलिका दहन की तैयारी होने लगी। मध्य रात्रि के बाद फाग गीतों की बौछार में होलिका दहन किया गया।
मध्य रात्रि के बाद 12:35 बजे भद्रा का मुख पक्ष समाप्त होते ही भद्रा पुच्छ पक्ष में होलिका का पूजन-अर्चन शुरू हो गया। कुरीति, बुराई के त्याग के संकल्प के साथ होलिका जलाई गई। होल्यारों की टीम होलिका का फेरा लगाते हुए फाग गीतों की बौछार करने लगी। इस बार होली पर्व होलिका दहन के अगले दिन 3 मार्च के बजाय 4 मार्च को मनाया जाना है।
विद्वानों के अनुसार तीन को ग्रहण लगने से सूतक पड़ जा रहा है। इसका असर शाम 5:07 बजे तक रहेगा। इसलिए इस दिन होली नहीं मनाई जाएगी। एक दिन बाद बुधवार को सुबह से ही होली खेली जाएगी। होली की प्रसिद्ध मिठाई गुझिया की महक बाजार से लेकर घरों के अंदर तक फैली हुई है।