बस्ती। रामबाग बस्ती में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। शुभारंभ शंखनाद, स्वस्तिवाचन, भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। संचालन आशीष सिंह ने किया। उपस्थित संतों, अतिथियों एवं हिंदू समाज के प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया गया।
मुख्य वक्ता दीपेश ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म ही वह जीवन पद्धति है जिसने समाज को जोड़ने, समरसता का भाव जाग्रत करने और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश पूरे विश्व को दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकता, संगठन और स्वाभिमान ही राष्ट्र की शक्ति का मूल आधार है। एक हिंदू ही है जो नदी, पर्वत, पशु-पक्षी और मानव सब को एक मानता है। हम केवल हिंदुओं का नहीं,अपितु विश्व के कल्याण का भाव रखते हैं। हम लोगों ने सुना होगा धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो। यदि हम इस पर विचार करते हैं तो विश्व में वह भी देश आते हैं जो हमारे मित्र ही नहीं, शत्रु भी हैं।
महंत जयबख्श दास ने कहा कि जब हिन्दू समाज संगठित रहता है, तभी हमारी संस्कृति, परंपरा, पूजा-पद्धति और राष्ट्र सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र व धर्म के प्रति सजग एवं सक्रिय रहने का आह्वान किया। पूर्व रेल अधिकारी आशिमा सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि हिन्दू एक सभ्यता, एक संस्कृति है। हिन्दू सभी धर्म से श्रद्धा रखता है।