सभा स्थल पर ठसाठस भीड़ को आसमान में 12:14 बजे पीएम का हेलिकाॅप्टर दिखा। एक साथ तीन हेलिकॉप्टर उतरते हुए दिखाई पड़े तो भीड़ नारे लगानी लगी। पंडाल में प्रभारी मंत्री राकेश सचान का भाषण चल रहा था, लेकिन उत्साहित भीड़ मोदी-मोदी की गूंज करने लगी।
...
मंडलीय चुनावी रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मिनट पहले पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर उतरते हुए भीड़ ने देखा तो लगा पीएम पहुंच रहे हैं। बाद में जब मंच पर योगी आए तो भीड़ जय श्रीराम का उद्घोष करने लगी।
...
सभा स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी एक घंटे तक मौजूद रहे। मंच पर पहुंचते ही पहले हाथ जोड़ते हुए अभिवादन किया। इसके बाद मंचासीन सभी नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया। सीएम ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। जाते समय एक-एक नेता से उन्होंने मुलाकात की।
...
मोदी की सभा में एक शख्स हनुमानजी की हुलिया बनाए पहुंचा तो लोग उसे देखने को आतुर हो गए। एक हाथ में गदा और क्षत्र लिए हनुमानजी भीड़ को चीरते हुए दर्शक दीर्घा में आगे आ गए। उसे देखकर लोग जय श्रीराम के उद्घोष करने लगे।
...
कार्यक्रम स्थल पर पहुंची भीड़ परिसर में जगह-जगह लगे पानी के स्टॉल पर टूट पड़ी। भाजपा कार्यकर्ता एक साथ उमड़े हुजूम को पानी नहीं दे पा रहे थे। कई बार पानी की बोतले और पाउच भीड़ के बीच उछालकर देना पड़ा।
...
राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में पीएम की सभा समाप्त होने के बाद भीड़ जब बाहर निकलने लगी तो गेट पर जाम जैसी स्थिति रही।
...
सभा समाप्त होने के बाद हजारों की भीड़ अचानक हाईवे पर आने के कारण पाॅलिटेक्निक चौराहे पर सड़क पर जाम लग गया। लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर दोनों तरफ के वाहन जहां-तहां खड़े हो गए। पुलिस को जाम हटवाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
...
यह लोग रहे मंच पर मौजूद
मंच पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रयंबक नाथ तिवारी, एमएलसी संतोष सिंह, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, सुभाष यदुवंश, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, पूर्व विधायक सीपी शुक्ल, रवि सोनकर, संतकबीरनगर के भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, राज्य सभा सांसद बाबू राम निषाद, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक श्रीराम चौहान आदि मौजूद रहे।