बभनान। आचार्य नरेन्द्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महाविद्यालय प्रशासन ने सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में आदेश जारी किया है।
महाविद्यालय परिसर में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्राचार्य डॉ. धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल ने सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में आदेश जारी किया।
प्राचार्य ने बताया कि कार्यरत सभी शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, अध्ययनरत विद्यार्थी व अन्य दुपहिया वाहन से आते हैं, उनके लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। पीछे बैठे सहयात्री को भी हेलमेट लगाना होगा। इसके अतिरिक्त चार पहिया वाहनों के लिए भी सीट बेल्ट अनिवार्य होगी। दोनों प्रकार के वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग पर पाबंदी रहेगी।
मुख्य नियंता डा. अखिलेश्वर प्रसाद शुक्ल ने बताया कि महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर सड़क सुरक्षा क्लब और नियंता मंडल द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने की जांच की जायेगी। परिसर में बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रवेश पर रोक लगाई जायेगी।
हम सभी को इस पहल को गंभीरता से लेना चहिए। महाविद्यालय के क्लब संयोजक डा. श्रवण कुमार शुक्ल ने बताया कि उक्त आशय से सभी विभागाध्यक्षों और समस्त स्टाफ को कड़ाई से अनुपालन के लिए सूचित किया जा चुका है।