फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: बस्ती-अयोध्या हाईवे पर रोके गए भारी वाहन... टांडा की तरफ डायवर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। अयोध्या कार्तिक पूर्णिमा मेला को लेकर बस्ती-अयोध्या हाईवे भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। सोमवार सुबह आठ बजे से ही फुटहिया फ्लाईओवर के पास बैरिकेडिंग कर दी गई। यहां बड़ी संख्या में यातायात एवं सिविल पुलिस तैनात की गई है। गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर और बस्ती से लखनऊ की तरफ निकलने वाले ट्रक, डीसीएम एवं अन्य बड़े माल वाहनों को फुटहिया से कलवारी-टांडा मार्ग के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।
विज्ञापन

अयोध्या के सरयू तट पर पूर्णिमा स्नान एवं कार्तिक मेला के चलते बड़ी संख्या श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चौबीस घंटे पहले से ही अयोध्या, बस्ती समेत आसपास के जिलों का प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारी वाहनों के लिए बस्ती-अयोध्या हाईवे बंद कर दिया गया है। जिले में दो जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। बस्ती शहर से बाहर फुटहिया के पास हाईवे पर बैरिकेडिंग की गई है।
यहां से केवल यात्री गाड़ी एवं अन्य छोटे चार पहिया वाहनों को ही अयोध्या की तरफ जाने दिया जा रहा है। जबकि ट्रक, ट्रेलर, डंपर, डीसीएम जैसे माल वाहक अयोध्या की तरफ नहीं बढ़ने दिए जा रहे हैं। इन वाहनों को फुटहिया ओवरब्रिज के नीचे से कलवारी-टांडा की तरफ मोड़ा जा रहा है। इन वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पकड़ाया जा रहा है। इसके अलावा बस्ती पुलिस ने गोरखपुर और संतकबीर नगर पुलिस से समन्वय भी स्थापित किया है। गोरखपुर, बिहार की तरफ आने वाले माल वाहकों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे से निकाल दिया जा रहा है।
विज्ञापन


संतकबीर नगर में भी भारी वाहनों को धनघटा के रास्ते आजमगढ़ की तरफ निकाला जा रहा है। इसके अतिरिक्त यदि कुछ वाहन बस्ती पहुंच रहे हैं तो उन्हें फुटहिया से डायवर्ट करने की व्यवस्था है। जबकि दूसरा डायवर्ट पॉइंट अयोध्या सीमा से सटे लोलपुर में है। यहां तक पहुंचने वाले भारी वाहनों को कटरा होकर गोंडा की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। जबकि गोंडा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अयोध्या- बस्ती लेन से गोरखपुर के लिए चलने में सहूलियत दी जा रही है। यातायात प्रबंधन ठीक होने की वजह से हाईवे पर भारी वाहनों के जाम की स्थिति सोमवार को नहीं देखी गई। रूट डायवर्जन अगले दिन मंगलवार को मेला समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
इस महीने तीन बार बंद हुआ हाईवे
नवंबर में बस्ती-अयोध्या हाईवे तीन बार बंद हो चुका है। छह नवंबर को धनतेरस की रात अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम की वजह से हाईवे तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया था। इस अवधि छोटे- बड़े सभी वाहनों को उतरौला, टांडा के रास्ते निकाला गया था। इसके बाद देवउठनी एकादशी पर्व को लेकर 19 नवंबर की शाम को केवल भारी वाहनों के लिए हाईवे बंद कर दिया गया था। तीसरी बार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बस्ती- अयोध्या हाईवे बंद किया गया है।
कार्तिक मेला के मद्देनजर हाईवे पर भारी वाहनों को अयोध्या की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। इन वाहनों को बस्ती से कलवारी-टांडा मार्ग की तरफ डायवर्ट कर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की तरफ निकाला जा रहा है। इसी तरह लोलपुर से भी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। मंगलवार को अयोध्या में मेले की स्थिति सामान्य होने पर आवागमन में सहूलियत दी जाएगी। -श्यामकांत, एएसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें