बस्ती। मानसून ने दस्तक दे दिया है, दो दिनों से छिटपुट बारिश हो रही है। बुधवार को दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली मगर शहर में जलभराव से लोगों को सांसत हुई। लगभग एक घंटे की बारिश से शहर में कई जगहों पर जलभराव की समस्या गहरा गई।
बुधवार सुबह बादल छाए रहे मगर दिन में 11 बजे के बाद आसमान साफ हो गया। उमस और गर्मी से लोग दिनभर व्याकुल रहे, इस बीच बिजली ने भी खूब रूलाया। गांधीनगर, पुरानी बस्ती क्षेत्र में दिन भर बिजली गुल रही, घरों के इनवर्टर भी काम करने बंद कर दिए। शाम चार बजे के बाद मौसम का रूख बदल गया। अचानक घने बादल छाए और थोड़ी देर बाद झमाझम बारिश होने लगी।
एक घंटे की बारिश से पटेल चौक से पचपेड़िया मार्ग, टोल प्लाजा के पास सड़क की पटरियां पानी में डूब गईं। बैरियहवांं, कंपनीबाग से बड़ेवन मार्ग, आवास विकास उत्तरी छोर, मुरलीजोत, चिकवा टोला, माली टोला, गांधीनगर आदि मोहल्लों में जलभराव देखने को मिला। जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित न होने से शहरवासियों को आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़।
वहीं बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की एवं मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मानसून देख किसानों के चेहरे खिले, धान के रोपाई तेज
हर्रैया। बुधवार को हुई झमाझम बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। चटकती मिट्टी वाले सूखे खेतों में नमी लौटते देख किसान काफी खुश है। वहीं बारिश होने से लोगों को गर्मी से भी काफी राहत मिली है। अनुमान लगाया जा रहा हैं कि इधर बारिश होगी। किसानों का कहना है कि यदि सप्ताह भर अच्छी बारिश हो गई तो खेतों में पर्याप्त नमी आ जाएगी। खरीफ फसलों की बुआई और कृषि कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी। किसानों का सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बच जाएगा। वॉल्टरगंज संवाद के अनुसार क्षेत्र में शाम को झमाझम बारिश होने के साथ गरज चमक बरकरार रही। इससे किसान काफी खुश नजर आए। क्षेत्र के किसान राम प्रताप चौधरी, राम बहादुर चौधरी, राकेश चौधरी, कन्हैया किसान, सहित अनेक लोगों ने कहा कि यह बारिश खेती किसानी में संजीवनी का काम करेगी।
बोले किसान- अब शुरू करेंगे धान की रोपाई
कई दिनों से बारिश का इंतजार था। अब खेतों में अच्छी नमी आ गई है, जिससे खेती किसानी के काम में तेजी आएगी। समय पर हुई यह बारिश धान सहित खरीफ फसलों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगी। हमें इस साल अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
-अशोक मिश्रा, किसान, समौड़ी मिश्र, हर्रैया।
-
यदि एक सप्ताह तक समय-समय पर अच्छी बारिश हो गई तो धान की रोपाई में काफी सहूलियत मिलेगी। प्रचंड धूप और गर्मी की वजह से खेतों से नमी गायब हो चुकी थी। धान का बेहन तैयार है। रोपाई करने के लिए बारिश का इंतजार किया जा रहा था। मानसून ने साथ दिया तो किसानों का सिंचाई खर्च बच जाएगा।
-हरिशंकर, किसान, करनपुर, हर्रैया।
-
भीषण गर्मी से पशु-पक्षी भी परेशान थे। बारिश से पूरे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। मौसम सुहावना हो गया है। किसानों में अच्छी फसल को लेकर नई उम्मीद जगी है। यदि संतुलित बारिश होती रहेगी तो इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा। धान की रोपाई समय से हो जाएगी।
-नरेंद्र कुमार निवासी, किसान, चुइलकाजी, दुबौलिया।
-
बारिश होने से सिंचाई की समस्या खत्म हो जाएगी। किसानों का डीजल और बिजली पर होने वाला खर्च कम हो जाएगा। इससे खेती की लागत कम होगी। एक दो दिन और बारिश हो जाए तो खेत रोपाई करने के योग्य हो जाएंगे। धान का बेहन तैयार हो चुका है। अगले एक से दो दिन में रोपाई की जाएगी।
-राजकुमार सिंह, किसान, गोपालपुर, विक्रमजोत।
क्षेत्र के किसानों का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष खेती बेहतर होगी और अच्छी पैदावार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
वॉल्टरगंज। क्षेत्र में शाम को मौसम ने अपना रुख बदला तथा झमाझम बारिश हुई,जिससे लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली है वही किसान खुश दिखे,खेतों में धान की रोपाई के लिए बीज डाला गया है जिसमें पानी की आवश्यकता थी जिसे वारिश होने से मिल गई, क्षेत्र के किसान राम प्रताप चौधरी,राम बहादुर चौधरी,राकेश चौधरी,कन्हैया किसान, सहित अनेक लोगों ने इस वारिश को फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।क्षेत्र के भी टी या,हरदिया,ओसापुर,लक्ष्मणपुर,देईपार, पंचमोहनी,बहेरिया,मनोरी,कस्बा वॉल्टरगंज,बक्सई सहित अनेक स्थानों पर बारिश हुई।