क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में तीन की मौत के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग जाग गया है। स्वास्थ्य टीम बरदिया लोहार, पेठिया लश्करी व निदूरी में कैंप कर रही है। यहां सफाई के प्रति लोगों को टीम ने जागरूक किया जबकि घर-घर पहुंच कर टीम ने बीमारों को दवाएं मुहैया कराईं।
सुबह ग्यारह बजे सीएचसी प्रभारी डॉ. आरएन शुक्ला के नेतृत्व में पहुंची टीम बरदिया लोहार और पेठिया लश्करी गांव में पहुंची। टीम पीड़ित परिवार और गांव के लोगों को मेट्रोजिल, पैरासिटामाल, ओआरएस पाउडर आदि का वितरण किया। ग्रामीणों को घरों के पास जलजमाव न होने देने व हमेशा शुद्ध जल का प्रयोग करने का सुझाव दिया। टीम ने तेज धूप में घर से बाहर न निकलने तथा बच्चों को धूप में नदी व तालाब में स्नान न करने देने का सुझाव दिया। टीम के डॉक्टरों का कहना है कि बरदिया लोहार गांव की रीमा की मौत पेट में संक्रमण के चलते हुई है, जबकि पेठिया लश्करी गांव के शौर्य की मौत लू लगने से हुई है। वहीं, हर्रैया सीएचसी के अन्तर्गत निदूरी गांव में भी सीएचसी प्रभारी आरके सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गांव में दवाओं का वितरण कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन गांवों में पहुंची टीम में डॉ. धर्मेंद्र चौधरी, जेपी गुप्ता, रवि कुमार, आदर्श श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।