बस्ती। जिले के रुधौली तहसील मुख्यालय से सटे बखरिया गांव में बन रहा राजकीय आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक चिकित्सालय का निर्माण अब लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही यह अस्पताल जिले के मरीजों के लिए उपयोगी साबित होने लगेगा। जिले में अब तक का यह सबसे बड़ा आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक अस्पताल माना जा रहा है। जहां एक साथ 50 मरीजों को भर्ती करने की सुविधा मिलेगी और मरीज इन दोनों चिकित्सा विधाओं के अतिरिक्त योगासन के जरिये रोगों से निजात पा सकेंगे।
30 अक्तूबर 2019 को शुरू हुए इस 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैले चिकित्सालय के निर्माण को पूरा करने के लिए शासन ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को दो साल यानी कि 30 अक्टूबर 2021 तक पूर्ण करने का समय दिया था। इसी बीच मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण के कारण पूरे देश में लॉकडाउन हो गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित रहा। शासन ने दोबारा 30 अक्टूबर 2022 तक के लिए साल भर का अतिरिक्त समय दिया। यह चिकित्सालय अब जाकर अपने पूरे कलेवर में आ चुका है।
-
यह मिलेंगी सुविधाएं
6.94 करोड़ रुपये से निर्मित इस चिकित्सालय में कई ब्लॉक बनाए गए हैं, जिसमें आयुर्वेदिक ब्लॉक, यूनानी, होम्योपैथिक व योग ब्लॉकों का निर्माण किया गया है। जहां अलग-अलग चिकित्सीय विधाओं से मरीजों को स्वस्थ किया जाएगा। साथ ही ओपीडी का निर्माण कर बिजली व पानी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
-
जल्द विभाग को हस्तांतरित होगा चिकित्सालय
यूपी सिडको के एक्सईएन आरएम लाल श्रीवास्तव ने बताया कि तीन मंजिला चिकित्सालय का निर्माण पूरा हो चुका है, और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। तकनीकी व थर्ड पार्टी जांच पूरी हो चुकी है। रिपोर्ट मिलते ही इस भवन को आयुर्वेद विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा ताकि मरीजों को इसका तुरंत लाभ मिलना शुरू हो सके।