बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ के 10 वर्ष के पूरा होने पर जिला महिला अस्पताल, अर्बन पीएचसी सहित जिले की अन्य सीएचसी-पीएचसी व हेल्थ वेलनेस सेंटर पर कार्यक्रम का आयोजन कर जश्न मनाया गया। अस्पतालों को विशेष रूप से सजाया गया था। अस्पताल आने वाली गर्भवती की जांच कर उन्हें सलाह दी गई। उनके लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया था।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीएमओ की ओर से नोडल की तैनाती की गई थी। कुल, 305 स्वास्थ्य इकाइयों पर 3004 गर्भवती महिलाओं ने सुविधा का लाभ लिया। जिला महिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नगरीय पीएचसी बरदहिया व नरहरिया में सीएमओ डॉ. राजीव निगम व डिप्टी सीएमओ आरसीएच डॉ. ब्रजेश शुक्ला बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। डीसीपीएम दुर्गेश मल्ल, जिला मातृत्व सलाहकार राजकुमार, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर सचिन चौरसिया ने विशेष सहयोग प्रदान किया। गर्भवती की जांच कर उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव, संतुलित आहार एवं नियमित प्रसव पूर्व जांच के संबंध में जागरूक किया गया। सीएमओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती की समय रहते पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना है। 150 से अधिक महिलाओं का अल्ट्रासाउंड भी कराया गया। डॉ. ममतारानी, डॉ. अनीता वर्मा, डॉ. पीएल गुप्ता, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. आशुतोष शर्मा ने महिलाओं की जांच में सहयोग किया।
-
10 साल पूरे होने पर मना जश्न
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे होने पर नगरीय पीएचसी बरदहिया में भी आयोजन हुआ। सीएमओ ने बताया कि इस कार्यक्रम को 10 वर्ष पूरा होने पर आयोजन किया जा रहा है। जिले की 14 सीएचसी व 25 पीएचसी पर प्रत्येक माह की पहली, नौ, 16 एवं 24 तारीख को आयोजन होता है। मां की सुरक्षा व शिशु की रक्षा को समर्पित कार्यक्रम में निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। गर्भवती की जांच हॉयर सेंटर पर भी कराई जाती है। हीमोग्लोबिन, एचआईवी, वीडीआरएल, ब्लड ग्रुप आदि की जांच की जाती है। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की समय-समय पर जांच कराई जाती है। जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ डॉ. इंद्रावती, स्टॉफ नर्स पूनम यादव, एलटी अजय कुमार चौधरी, एएनएम सुधा, आशा प्रियंका, कुसुम आदि मौजूद रहीं।