बस्ती। आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग की बेटियों के विवाह के लिए सरकार आर्थिक अनुदान देगी। इस योजना में जनपद बस्ती को चालू वित्तीय वर्ष में 1559 ओबीसी बेटियों के विवाह का लक्ष्य मिला है, जिसके लिए तीन करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। जिसमें से 780 बेटियों की शादी के लिए एक करोड़ 56 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं।
विभाग के अनुसार, यह योजना पिछड़ा वर्ग के उन परिवारों की सहायता के लिए है जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। योजना के तहत, एक कन्या को विवाह अनुदान के रूप में 20 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है। एक परिवार अधिकतम दो कन्याओं को इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र है। निराश्रित, दिव्यांग, और भूमिहीन परिवारों की कन्याओं को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। योजना का लाभ उठाने के इच्छुक अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने के लिए, विवाह की तिथि से तीन महीने पहले या तीन महीने बाद तक का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि के बाहर किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदनों की गहन जांच के बाद, स्वीकृति मिलने पर लाभार्थी के खाते में 20 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। मार्च माह में 73 आवेदनन प्राप्त हुए हैं, जिस पर कार्रवाई चल रही है।
शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 3.11 करोड़ बजट स्वीकृत है, आधा बजट प्राप्त हो गया है। बैठक में स्वीकृति मिल चुकी है। प्रथम आवक, प्रथम पावक के रूप में योजना का लाभ ले सकेंगे।
रेखा गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, बस्ती।
-