कुदरहा। कलवारी थाना क्षेत्र के टेगरिहा राजा गांव में मंगलवार की शाम पारिवारिक विवाद में पोते ने लाठी-डंडे से हमला कर 60 वर्षीय बुजुर्ग दादा शिवपूजन को घायल कर दिया। सीएचसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी पर पुलिस ने बुधवार को पोता और बहू पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शिवपूजन की पत्नी मालती ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे परिवार के बीच आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान शिवपूजन और उनकी बहू संगीता के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में संगीता घायल हो गई। संगीता को परिजन अस्पताल ले गए।
इस बात की जानकारी उसके बेटे रामगोपाल (17) को हुई तो वह आग-बबूला होकर घर पहुंचा। गुस्से में उसने बुजुर्ग दादा शिवपूजन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी कुदरहा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिवपूजन की पत्नी मालती की तहरीर पर पोता रामगोपाल और उसकी मां संगीता के पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। संवाद