सल्टौआ ब्लॉक मुख्यालय से साइकिल से निकलते ग्राम पंचायत सचिव।
बस्ती। वाहन, मोबाइल भत्ता न मिलने और ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया। ब्लॉक मुख्यालयों से सचिव वाहन छोड़ साइकिल से ड्यूटी करने निकले। आंदोलन की वजह से विकास कार्यों का संचालन भी बाधित रहा।
भानपुर संवाद के अनुसार रामनगर ब्लाॅक मुख्यालय पर एकत्र सचिवों ने वाहन मोबाइल भत्ता न मिलने पर नाराजगी जताई। वाहन भत्ता दिए जाने की मांग को लेकर लोग निजी वाहनों को छोड़कर साइकिल में बस्ता लटकाकर ब्लाक कार्यालय पहुंचे। ब्लॉक से ग्राम पंचायतों में ड्यूटी करने के लिए सभी सचिव साइकिल से निकले। सचिव आदर्श पांडेय और आनंद पाल ने कहा कि हम लोग अपनी मांगों को लेकर पहले ही सभी विभागीय ग्रुप से लेफ्ट हो चुके हैं। यह सत्याग्रह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पर विजय चौधरी, जयेंद्रलाल, कौशलेंद्र पाल, पप्पू यादव, दिनेश आदि मौजूद रहे।
सल्टौआ संवाद के अनुसार सभी ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी ब्लॉक मुख्यालय से प्रदर्शन करते हुए साइकिल से कार्य क्षेत्र के लिए रवाना हुए। ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष अमरनाथ गौतम ने कहा कि जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, तब तक हम अपने निजी वाहन से शासकीय कार्य नहीं करेंगे। इस मौके पर अरूणेश पाल, अखिलेश शुक्ल, अनुरोध श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
परशुरामपुर संवाद के अनुसार ग्राम पंचायत सचिवों ने बीडीओ परशुरामपुर को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर वाहन, मोबाइल भत्ता आदि की मांग उठाई। कहा कि ऑनलाइन हाजिरी का प्रतिबंध सचिवों से हटाया जाना चाहिए। विनय कुमार शुक्ल, अजीत सिंह, बिजेंद्र गौतम, गिरजेश कुमार आदि मौजूद रहे। बभनान संवाद के अनुसार गौर ब्लॉक मुख्यालय भी सचिवों ने प्रदर्शन किया। कहा कि उन्हें क्षेत्र भ्रमण के लिए महज 200 रुपये साइकिल भत्ता दिया जाता है। यहां लोगों ने साइकिल से ही विभागीय कार्य निपटाने का निर्णय लिया। अवधेश जायसवाल, श्री प्रकाश वर्मा, सूरज कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।