रेल पटरियों के मरम्मत कार्य के चलते दिनभर बंद रहा रेलवे क्रॉसिंग। संवाद
- फोटो : 1
वाल्टरगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के गोविंदनगर रेलवे स्टेशन के पूरब गेट संख्या 202 ए पर रेल मरम्मत कार्य के चलते बृहस्पतिवार को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 तक रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई और उन्हें अधिक दूरी घूम कर अपने गंतव्य को जाना पड़ा।
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड के बीच स्थित गोविंदनगर रेलवे स्टेशन के पूरब मेन बाजार के पास रेलवे क्रॉसिंग पर रेल कर्मचारियों की ओर से रेल पटरियों के मरम्मत कार्य के चलते दिन में करीब सात घंटे छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहा। जिससे इस रास्ते से जिला मुख्यालय सहित अन्य जगहों पर आने-जाने वाले राहगीरों को अधिक दूरी तय कर दूसरे रास्तों से जाना पड़ा।
इसी तरह बभनान, गौर, टिनिच के रास्ते से आने वाले वाहनों को भिटिया चौराहा, मनोरी के रास्ते आवागमन कराया गया। जबकि बस्ती,हरदिया चौराहा, वाल्टरगंज के रास्ते जाने वाले वाहनों को मनोरी चौराहा, भिटिया, वाल्टरगंज थाने के रास्ते आवागमन हुआ। रेलवे गेट बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हुई। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ पुलिसकर्मी तैनात रहे और राहगीरों के सहूलियत के लिए सुझाव देते रहे।
चीफ पीडब्ल्यूआई रेलवे बस्ती इनामुल हक ने बताया कि गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के पूरब रेलवे क्रॉसिंग पर मरमत कार्य के चलते दिन में गेट बंद रहा। शाम पांच बजे के बाद आवागमन बहाल हो पाया।