सूबे को उद्योग प्रदेश बनाएगी सरकार
बस्ती। व्यापारी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश को उद्योग प्रदेश बनाने को कृत संकल्पित है। इसी उद्देश्य को लेकर उद्योग स्थापना करने वाले उद्यमियों को योजनावार 90 फीसदी तक का अनुदान मुहैया करा रही है। उद्योग स्थापना के बाद प्रदेश के नौजवानों एवं बेरोजगारों को रोजगार के अवसर सूबे में ही मिलेंगे।
उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता रविवार देर शाम व्यापारियों की गोष्ठी के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि सूबे में नया उद्योग स्थापित करने वालों को सरकार की ओर से योजनाबद्ध ढंग से मदद दी जाएगी। कोल्ड स्टोरेज लगाने वाले, मछली पालन के लिए बड़ा तालाब स्थापित करने वाले को 50 प्रतिशत तक अनुदान की व्यवस्था बनाई गई है। सिंचाई व बागबानी के लिए आर्टिफिशियल फाउंटेन पर 90 प्रतिशत, फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापना पर सत्तर फीसदी तक का अनुदान है। सोलर उर्जा पर संचालित उपकरणों के उद्यमों पर भारी अनुदान की व्यवस्था सरकार ने बनाई है।
मंदी दूर करने को प्रभावी कदम
बस्ती। सरकार मंदी को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। व्यापारी हताश न हो, शीघ्र ही मंदी दूर होगी और औद्योगिक, व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। यह विचार व्यापारी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष राज्य मंत्री मनीष गुप्ता ने व्यक्त किया। वे भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक राधेश्याम कमलापुरी के संयोजन में पार्टी कार्यालय पर रविवार को आयोजित व्यापारी गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कहा कि भाजपा व्यापारी हितों के लिए समर्पित है, केन्द्र और राज्य सरकार मंदी से निपटने के लिए कई कदम उठा रही है। जिसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे है। बोर्ड सदस्य जवाहर प्रसाद कसौधन ने व्यापारियों का आह्वान किया कि वे सरकार के योजनाओं का लाभ उठाएं और देश के आर्थिक प्रगति में योगदान दें।