हर्रैया, बस्ती। क्षेत्र के सहराएं गांव में कूटरचित अभिलेखों की आड़ में वर्षो से 20 बीघा सार्वजनिक जमीन पर कब्जा जमाए लोगों पर लेखपाल की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है। बेदखली के आदेश की नोटिस दिए जाने के बाद भी जमीन खाली न होने पर यह कार्रवाई की गई है। जल्द ही इस भूमि पर हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा।
उल्लेखनीय है कि सहराएं निवासी ईश्वरीदीन पांडेय के कोई औलाद और न ही कोई जायज वारिस है। उनकी मौत के बाद 1965 में इनकी सारी जमीन ग्राम समाज घोषित हो सरकारी खाते में चली गई। वर्ष 1987 में तत्कालीन प्रधान व लेखपाल से साठगांठ करते हुए कुछ लोगों ने जमीन पर अपना दावा ठोंका। इसके बाद कूट रचित दस्तावेजों के जरिये अभिलेखों में नामांतरण कर उपयोग करना शुरू कर दिया। इसका विरोध करते हुए गांव के एक व्यक्ति ने डीडीसी कोर्ट में वाद दाखिल कर दिया। वर्ष 1993 में आए फैसले में जमीन फिर से ग्राम समाज के खाते में दर्ज करने के निर्णय पर दूसरे पक्ष ने उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर जमीन पर कब्जा बनाए रखा।
इसे लेकर चंद्र मणि पांडेय ने अपने अधिवक्ता के जरिये प्रकरण में प्रभावी पैरवी शुरू की तो वर्ष 2019 में हाईकोर्ट ने डीडीसी के फैसले को बहाल करते हुए जमीन ग्राम समाज के पक्ष में किए जाने पर सहमति दी। जिसके बाद तहसील प्रशासन के अभिलेखों में तो ग्राम समाज दर्ज हो गया मगर अवैध कब्जा बना रहा। कब्जा हटवाने को लेकर चंद्र मणि पांडेय लगातार तहसील के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देते रहे मगर कार्रवाई कागजों तक सिमटी रही। मामला तूल पकड़ते देख तहसीलदार ने कब्जेदारों को बेदखल किए जाने का नोटिस भी जारी कर दिया मगर कब्जेदार जमे रहे। इसी को लेकर चंद्रमणि पांडेय पिछले दिनों जिला अधिकारी से मिले तो डीएम के निर्देश पर लेखपाल राजेन्द्र पांडेय ने शुक्रवार को नौ कब्जेदारों के विरुद्ध तहरीर थाने पर दी। थानाध्यक्ष राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लोक संपत्ति क्षति अधिनियम में केस दर्ज हुआ है।
-
इन पर दर्ज हुआ केस
1-शीतला प्रसाद 2-माता प्रसाद 3-वसंत 4-वेद प्रकाश -5-सत्य प्रकाश 6-अजय कुमार -7-अरुण कुमार -8-अक्षय कुमार -9-प्रेम दास
सहराएं गांव में 20 बीघा जमीन अवैध कब्जेदारों से खाली कराए जाने की तैयारी की जा रही है। सभी नौ पर केस दर्ज करा दिया गया है। पक्के निर्माण व खेतों में बोई फसल पर बुलडोजर चलेगा। कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों पर प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
गुलाब चंद्र, एसडीएम