बस्ती। सरकारी चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस न करने के संबंध में सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों को पहले से ही दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके यहां निजी प्रैक्टिस का खेल चल रहा है। अब नया मामला खुलकर सामने आया है। एसीएमओ ने सरकारी डॉक्टर को निजी प्रैक्टिस करते हुए पकड़ा है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट सीएमओ को दी है।
शासन की सख्ती पर जिला प्रशासन यहां गोपनीय तरीके से निजी प्रैक्टिस करने वाले सरकारी डॉक्टरों की सूची तैयार करने के लिए टीम बनाने को कहा था। प्रशासन ने कहा था कि जिन सरकारी चिकित्सकों को नॉन प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) मिल रहा है, वह निजी प्रैक्टिस नहीं कर सकते हैं। शिकायत पर सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने गठित टीम में शामिल एसीएमओ डॉ. एसबी सिंह को जांच के लिए देईसाड़ भेजा। वहां कुदरहा में तैनात चिकित्सक क्लीनिक में निजी प्रैक्टिस करते पकड़े गए।
एसीएमओ ने बताया कि तत्काल सीएमओ को इसकी रिपोर्ट दी और दूरभाष पर बात भी कराई गई, ताकि कार्रवाई से बच न सके। बताया गया कि सीएचसी पर तैनाती है लेकिन, निजी प्रैक्टिस वाले स्थान पर मौजूद रहते हैं। तैनाती स्थल पर न जाकर जिला मुख्यालय पर घूमते रहते हैं। एसीएमओ ने बताया कि इसकी रिपोर्ट सीएमओ को दिए हैं। आ वहीं, सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि एसीएमओ डॉ. एसबी सिंह को जांच के लिए भेजा था। मौके पर एक सरकारी डॉक्टर निजी प्रैक्टिस में संलिप्त पाए गए। अभी लिखित रिपोर्ट नहीं मिली है।